सोहना, (आई.डब्ल्यू.एन.ए). : आम जनमानस को कैंसर की बीमारी से जागरूक बनाने के लिए विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को स्वामी विवेकानंद आरोग्य केन्द्र परिसर में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। स्वामी विवेकानंद आरोग्य केन्द्र के महासचिव विवेकानंद तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कैंसर से बचाव वाले इस जागरूकता शिविर में बोलते हुए कैंसर रोग विशेषज्ञ डाक्टर प्रिया तिवारी ने उपस्थितों के साथ-साथ आम जनमानस को कैंसर रोग के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि कैंसर रोग शरीर में कही भी और किसी भी उम्र में हो सकता है। ज्यादातर यह रोग गले, फेफड़े, मुंह, महिला के स्तनों व बच्चादानी में होता है। अगर समय से रोग का निदान कर लिया जाए तो इसका उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व तक कैंसर को असाध्य रोग माना जाता था। अब इसका ना केवल इलाज संभव है बल्कि कैंसर की जल्द पहचान होने पर बहुत ही बेहतर और सस्ता इलाज भी आज उपलब्ध है। उन्होने बताया कि अनेकों कैंसर पीडि़त रोगियों ने इस रोग से लड़ते हुए उस पर जीत भी हासिल कर अन्य कैंसर पीडि़त रोगियों के लिए मिसाल कायम कर जीवन जीने की उमंग जगाई है। कैंसर रोग विशेषज्ञ डाक्टर प्रिया तिवारी ने हार्ट और कैंसर से बचाव के लिए प्रत्येक मनुष्य को अपने लाइफ स्टाइल में बदलाव ला प्रतिदिन नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम करने, अपने वजन पर संतुलन रखने, वसायुक्त भोजन से परहेज करने, ताजी हरी सब्जियों, फलों का सेवन करने, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, शराब, मदिरापान, प्रदूषण, दूषित, बासे खाद्य पदार्थों से दूर रहने जैसे परामर्श देते हुए कहा कि आज की भागदौड़ और आपाधापी युक्त तनाव भरी दिनचर्या को अनुशासित रखने, शाकाहारी भोजन के साथ यदि प्राकृतिक खान-पान को अपनाया जाए तो कैंसर से काफी हद तक बचाव संभव है। कैंसर रोग विशेषज्ञ डाक्टर प्रिया तिवारी के अनुसार व्यक्ति को लंबी आयु जीने व निरोगी रहने के लिए फास्ट फूड़ व शराब से दूर रह खानपान में फल व हरी सब्जियों का भरपूर प्रयोग करना चाहिए। शराब व मांस के सेवन से परहेज करना चाहिए। समय-समय पर चिकित्सकों से अपनी शारीरिक जांच करवाते रहे। विवेकानंद आरोग्य केंद्र के महासचिव विवेकानंद तिवारी का कहना है कि भारत विकास परिषद द्वारा संचालित विवेकानंद आरोग्य केंद्र में हृदय रोग संबंधी उपचार के साथ-साथ महंगी-महंगी स्वास्थ्य संबंधी जांचें सरकारी रेट से भी कम नाममात्र में होने से निर्धन तबके के लोग खासे खुश है। यहां पर सीटी स्कैन के साथ-साथ सारे ब्लड टैस्ट, मल-मूत्र जांच, ईको, स्टे्रस ईको, टीएमटी, अल्ट्रासाउंड, ओपीजी, मैमोग्राफी, एक्स-रे, ईसीजी, शुगर टैस्ट, ईईजी सीटी स्कैन, कैंसर का इलाज और कीमो जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इतना ही नही सीटी स्कैन मशीन की सुविधा जरूरतमंदों के लिए मुहैया करा दी गई है। विवेकानंद आरोग्य केंद्र के महासचिव विवेकानंद तिवारी ने बताया कि भारत विकास परिषद द्वारा संचालित विवेकानंद आरोग्य केंद्र को नर सेवा-नारायण सेवा के ध्येय को लेकर चलाया जा रहा है। इसी के तहत इसके जांच की कीमत सरकारी रेट से भी कम रखी गई है। उन्होने जरूरतमंदों से आग्रह किया कि जिस भी जरूरतमंद रोगी को अपना सिटी स्कैन करवाना हो विवेकानंद आरोग्य केन्द्र सैक्टर बारह माधव भवन के पास जाकर करवा सकता है। विवेकानंद आरोग्य केंद्र के महासचिव विवेकानंद तिवारी ने सर्वजातीय समाज के जागरूक लोगों से भी आग्रह किया है कि भारत विकास परिषद द्वारा संचालित विवेकानंद आरोग्य केंद्र में सरकारी कीमत से भी कम दामों में विभिन्न जांच किए जाने संबंधी जानकारी मध्यम वर्ग व निर्धन वर्ग के साथ-साथ जरूरतमंद रोगियों को जरूर दे ताकि वह नाममात्र की दरों पर अपनी जरूरी जांच कराकर अपना समुचित उपचार करा सके और स्वास्थ्य लाभ ले सके। आरोग्यधाम में ईको कराने आए एक रोगी ने बताया कि जो ईको निजी अस्पताल में 3 हजार 850 रुपए में होता है और निजी लैबों पर कई-कई घंटे इंतजार के बाद यह ईको 2 हजार 850 रुपए में किया जाता है, वही ईको आरोग्यधाम में मात्र एक हजार 100 रुपए में सहज रूप में उनका हो गया है। ईसीजी मात्र 80 रुपए में तत्काल रूप में की जा रही है। इसी तरह और भी काफी सारी ऐसी जांचें है, जिनकी कीमतें आरोग्यधाम में सरकारी अस्पतालों की कीमतों से भी बहुत ही कम रखी गई है और अत्यंत निर्धन वर्ग के रोगियों की पहुंच में है। इस मौके पर डायबिटीज रोग विशेषज्ञ डाक्टर एनडी बंसल व डाक्टर अशोक गुप्ता, हडडी रोग विशेषज्ञ डाक्टर मनोज कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डाक्टर शिवम सेठी, हृदय रोग विशेषज्ञ डाक्टर नितिन पाराशर, चर्म रोग विशेषज्ञ डाक्टर मुकेश रामपाल, राष्ट्रचिंतक कैलाश गर्ग, सोहना व्यापारमंडल संघ के चीफ एडवाईजर व अग्रवालसभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे उमेश अग्रवाल समेत विवेकानंद आरोग्य केंद्र से जुड़े लोग विशेष रूप से मौजूद रहे।