सेवा संकल्प अभियान
ऐलनाबाद के सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय में नुक्कड़ नाटक आयोजित
ऐलनाबाद, 23 sep 26 (सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)। स्थानीय चौ. मनीराम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय, मिठी सुरेरां में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष रवि लढ़ा, भाजपा के सह जिला मीडिया प्रभारी सुभाष चौहान, आईटी सेल के सह जिला प्रभारी टिकम चोटिया बतौर अतिथि उपस्थित हुए। सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी प्रो प्रवीन कुमार के समन्वय में कार्यकारी प्राचार्या कुलजीत कौर, प्रो साधा सिंह, सुमित सौरव एवं आर्यन यादव ने सहयोग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के विकास, सामाजिक परिवर्तन, जनसेवा, तकनीकी प्रगति तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक कर उन्हें विकसित भारत–2047 के संकल्प से जोड़ना था। सिरसा के कुसुम आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वर्ष 2014 से 2026 के बीच देश में सामने आए विभिन्न महत्वपूर्ण विकासात्मक, सामाजिक, आर्थिक, तकनीकी एवं राष्ट्रीय घटनाक्रमों को संवाद, अभिनय और सामूहिक प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में विद्यार्थियों ने आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई एवं सर्जिकल स्ट्राइक, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने, जी-20 शिखर सम्मेलन, यूपीआई एवं डिजिटल भुगतान, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, आयुष्मान भारत योजना, स्टार्टअप एवं कौशल विकास, स्वच्छ भारत अभियान, ग्रामीण विकास तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे विभिन्न विषयों को मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाएँ नागरिकों के दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी प्रकार स्टार्टअप, कौशल विकास एवं उद्यमिता से जुड़े विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजन की संभावनाओं के प्रति जागरूक किया। नाटक में युवाओं को अपनी शिक्षा, कौशल, प्रतिभा एवं नवाचार का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। प्रस्तुति में स्वच्छ भारत अभियान, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को भी स्थान दिया गया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि देश के विकास में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, जिम्मेदारी और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। नाटक में जी-20 शिखर सम्मेलन को भारत की वैश्विक सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका से जोड़ते हुए प्रस्तुत किया। इसी प्रकार स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को राष्ट्रीय एकता और एकजुटता के संदेश के साथ प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दर्शाया कि देश की प्रगति में एकता, सहयोग, नवाचार, तकनीक, शिक्षा और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। नुक्कड़ नाटक का समापन “विकसित भारत–2047” की संकल्पना के साथ किया। विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी सक्रिय योगदान दें। उन्हें शिक्षा, कौशल, नवाचार, उद्यमिता, डिजिटल जागरूकता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जिम्मेदार नागरिकता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिकाएँ निभाईं। नोडल अधिकारी प्रो प्रवीन कुमार ने सभी अतिथियों, कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सम्पूर्ण टीम, प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
सिरसा, 23 सितंबर फोटो 01
23 sep 26
महिला थाना प्रभारी सुशीला देवी ने चोरमारखेड़ा स्कूल में विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा व सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

डबवाली (सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में युवाओं को नशे से दूर रखने तथा सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा लगातार स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिला थाना डबवाली प्रभारी उप निरीक्षक सुशीला देवी ने भारत स्काउट एंड गाइड्स, सिरसा टीम के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चोरमार खेड़ा में विद्यार्थियों के साथ जागरूकता संवाद किया।पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। संवाद के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि युवा अवस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है और इस दौरान सही संगति, अनुशासन, शिक्षा, खेल तथा सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
महिला थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर इसका नकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, नशे से प्रभावित व्यक्ति को सही दिशा में लाने तथा नशे की खरीद-फरोख्त या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से संबंधित सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना/चौकी में देने के लिए प्रेरित किया।साइबर जागरूकता के दौरान विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ऑफर और अन्य साइबर ठगी के तरीकों के बारे में बताया गया। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अवांछित स्पर्श या असुरक्षित स्थिति में चुप न रहने तथा परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1091 व 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई।सड़क सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डबवाली पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से अपराध और नशे की समस्या की रोकथाम में युवाओं को सक्रिय भागीदार बनाना भी है। स्कूलों में आयोजित ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सही निर्णय लेने, गलत संगति से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
सिरसा, 23 सितंबर फोटो 02
23 sep 26
गुम मोबाइल की तलाश में डबवाली पुलिस की तकनीकी कार्रवाई रंग लाई, 22 फोन बरामद
एसपी जसलीन कौर ने मालिकों को सौंपे मोबाइल*

डबवाली(सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे दोबारा हासिल करने की उम्मीद कई बार लोगों को कम ही रहती है, लेकिन डबवाली पुलिस की तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयासों ने आज 22 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल वापस दिलाए । साइबर सेल डबवाली द्वारा तकनीकी माध्यमों से तलाश कर 22 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, IPS ने आज उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा।पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने की सूचना मिलने के बाद साइबर सेल द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी स्तर पर जानकारी जुटाई जाती है। टीम द्वारा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए गुम मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की गई।इसी क्रम में 22 मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रेस कर बरामद किया गया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।आज जब पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे तो नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। नागरिकों ने डबवाली पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।मोबाइल फोन वर्तमान समय में केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि व्यक्ति की निजी जानकारी, जरूरी संपर्क, दस्तावेज और डिजिटल सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण उपकरण है। ऐसे में गुम मोबाइल की बरामदगी आमजन के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ उनकी महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी वापस मिलने का भी विषय है।डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर देरी न करें और तुरंत पुलिस थाना अथवा साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाएं। साथ ही मोबाइल के आईएम्ईआई नंबर सहित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि तकनीकी माध्यमों से उसकी तलाश की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।डबवाली पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस की यह कार्रवाई आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और तकनीकी कार्यकुशलता का परिचायक है।
सिरसा, 23 सितंबर फोटो 03
========================================================
23 sep 26
बड़ागुढ़ा खंड कार्यालय में चलाया गया स्वच्छता अभियान
सिरसा, (सतीश बांसल) सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत खंड कार्यालय बड़ागुढ़ा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी भजनलाल, पंचायत समिति चेयरपर्सन प्रतिनिधि गुरमेल सिंह, खंड कार्यालय के एसईपीओ हरजीत सिंह, सहायक मनोज कुमार, लिपिक बलराम व अजय, ग्राम सचिव संदीप, पवन, सुनील, गुरप्रीत, शालू सहित अन्य ग्राम सचिव, मनरेगा स्टाफ और सफाई कर्मी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया और कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाने में योगदान दिया। इस अवसर पर बीडीपीओ भजनलाल ने सफाई अभियान में भाग लेते हुए कर्मचारियों के साथ श्रमदान किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता ही सेवा तथा श्रमदान की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए।
सिरसा, 23 सितंबर।फोटो 04
==================================================================
23 sep 26
सविता ने शूटिंग में जीत कांस्य पदक

सिरसा(सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)। 12 सितंबर से 22 सितंबर तक मोहाली, पंजाब में पंजाब स्टेट शूटिंग रेंज में आयोजित आल इंडिया जी वी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में सिरसा के रेलवे फाटक के नजदीक, अंबे पीजी वाली गली में स्थित तेजस स्पोर्ट्स शूटिंग अकैडमी की होनहार शूटर सविता ने अपने शानदार व सटीक निशाने से कांस्य पदक जीतकर एकेडमी व जिले को गौरवांवित किया है। संचालक हरजोत सिंह रंधावा व कोच हरप्रीत सिंह ने संयुक्त रूप से शानदार प्रदर्शन के लिए सविता को बधाई व भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से शूटरों ने अपनी प्रतिभागिता दर्ज करवाई। सिरसा से तेजस स्पोर्ट्स एकेडमी से सविता ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभागिता करते हुए अपने शानदार व सटीक निशाने से 50 मीटर 3पी में कांस्य पदक प्राप्त करते हुए अकेडमी व जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि सविता पिछले काफी समय से एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही है। इससे पहले भी वह कई प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है।
सिरसा, 23 सितंबर।फोटो 05
==================================================================
23 sep 26
उदय संस्था ने शहीदी दिवस पर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
युवाओं से उनके विचारों को अपनाने का किया आह्वान

सिरसा(सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एकेडमिक यूथ (उदय) संस्था द्वारा 23 सितंबर को महान क्रांतिकारी एवं शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उदय के साथियों ने तीनों शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष, साहस, विचारों और समाज के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उदय के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंगेराम ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का जीवन देश और समाज के लिए समर्पण की मिसाल है। आज की युवा पीढ़ी को इन महान शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और अधिकार, स्वतंत्रता, समानता, न्याय तथा समाज के कल्याण के लिए सकारात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीदों को याद करना केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके विचारों को समझकर उन्हें अपने व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारियों में उतारना भी जरूरी है। युवाओं को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। मंगेराम ने कहा कि उदय संस्था युवाओं को उनके अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने तथा समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर उदय की जिला अध्यक्ष सिया, मीडिया कोआॅर्डिनेटर कल्पना, अभिषेक, कबीर, अमन सहित संगठन के अन्य साथी मौजूद रहे। सभी साथियों ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को नमन करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सिरसा, 23 सितंबर।फोटो 06
=================================================================
23 sep 26
संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने किया सिरसा के सभी 12 मंडलों का प्रवास
बैठकों में संगठन की मजबूती, बूथ समितियों के गठन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर किया मंथन

सिरसा(सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)।) भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा दो दिवसीय सिरसा प्रवास पर रहे। उनके प्रवास की जानकारी देते हुए भाजपा सिरसा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने बताया कि संगठन महामंत्री ने जिले के सभी 12 मंडलों में प्रवास कर मंडल स्तर पर आयोजित संगठनात्मक बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया और संगठन की गतिविधियों को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने बताया कि सभी मंडलों में आयोजित बैठकों के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, बूथ समितियों के गठन एवं उनकी सक्रियता तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। फणींद्र नाथ शर्मा ने कार्यकतार्ओं से स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति, गतिविधियों और जनसंपर्क से संबंधित फीडबैक भी प्राप्त किया तथा उनके सुझावों पर चर्चा की। प्रवास के दौरान संगठन महामंत्री ने प्रत्येक मंडल के पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व मंडल अध्यक्षों तथा वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकतार्ओं के साथ भी विशेष रूप से संवाद किया। उन्होंने पार्टी के पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों और सुझावों को सुना तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी है और उनके अनुभवों का लाभ संगठन को निरंतर मिलता रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर भी प्रवास के दौरान विशेष रूप से चर्चा हुई। संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद का कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली गतिविधियों, उपलब्धियों और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मन की बात के संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों को इस कार्यक्रम को सुनने के लिए प्रेरित करें। बैठकों में भाजपा जिला प्रभारी एवं हरको बैंक के चेयरमैन भारत भूषण जुयाल ने भी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर संवाद किया। उन्होंने मंडल स्तर पर संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों में कार्यकतार्ओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आमजन के साथ निरंतर संपर्क से मजबूत होती है। भारत भूषण जुयाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सेवा, जनसंपर्क एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने बताया कि संगठन महामंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की और अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। फणींद्र नाथ शर्मा ने प्रत्येक मंडल में पहुंचकर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकतार्ओं से संवाद किया और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके प्रवास के दौरान मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विभिन्न मंडलों के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सिरसा, 23 सितंबर।फोटो 07
=================================================================
23 sep 26
आयुर्वेद दिवस पर आयुष ग्राम भरोखा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 198 मरीजों ने उठाया लाभ

सिरसा।(सतीश बांसल/आईडब्ल्यूएनए)। आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग सिरसा द्वारा आयुष ग्राम भरोखा में विशेष स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। मरीजों को आवश्यक आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही योग अभ्यास, रक्तमोक्षण, अग्निकर्म सहित विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से मरीजों का उपचार किया गया।
शिविर में कुल 198 ओपीडी दर्ज की गईं, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयुष विभाग की टीम द्वारा लोगों को नियमित योग अभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली तथा आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच स्नेहलता उपस्थित रहीं। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मास्टर ताराचंद एवं सरपंच प्रतिनिधि भीम रोज ने भी शिविर में सहभागिता की।
शिविर में आयुष विभाग के चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं आयुष योग सहायक उपस्थित रहे और ग्रामीणों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान कीं। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
सिरसा, 23 सितंबर।फोटो 08
23 sep 26 Pls responce-
iwnanews@gmail.com