सोहना, (आई.डब्ल्यू.एन.ए). यहां पर बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में खेलस्टेडियम के सामने स्थित वरदान अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर में कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर वरदान अस्पताल एवं ट्रामा निर्देशक डाक्टर प्रवीण यादव ने उपस्थितों के साथ-साथ आम जनमानस को कैंसर रोग के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि कैंसर रोग शरीर में कही भी और किसी भी उम्र में हो सकता है। ज्यादातर यह रोग गले, फेफड़े, मुंह, महिला के स्तनों व बच्चादानी में होता है। अगर समय से रोग का निदान कर लिया जाए तो इसका उपचार संभव है। उन्होने कहा कि कुछ समय पूर्व तक कैंसर को असाध्य रोग माना जाता था। अब इसका ना केवल इलाज संभव है बल्कि अनेकों कैंसर पीडि़त रोगियों ने इस रोग से लड़ते हुए उस पर जीत भी हासिल कर अन्य कैंसर पीडि़त रोगियों के लिए मिसाल कायम कर जीवन जीने की उमंग जगाई है। वरदान अस्पताल एवं ट्रामा निर्देशक डाक्टर प्रवीण यादव ने हार्ट और कैंसर से बचाव के लिए प्रत्येक मनुष्य को अपने लाइफ स्टाइल में बदलाव ला प्रतिदिन नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम करने, अपने वजन पर संतुलन रखने, वसायुक्त भोजन से परहेज करने, ताजी हरी सब्जियों, फलों का सेवन करने, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, शराब, मदिरापान, प्रदूषण, दूषित, बासे खाद्य पदार्थों से दूर रहने जैसे परामर्श देते हुए कहा कि आज की भागदौड़ और आपाधापी युक्त तनाव भरी दिनचर्या को अनुशासित रखने, शाकाहारी भोजन के साथ यदि प्राकृतिक खान-पान को अपनाया जाए तो कैंसर से काफी हद तक बचाव संभव है। अस्पताल निर्देशक डाक्टर प्रवीण यादव के अनुसार व्यक्ति को लंबी आयु जीने व निरोगी रहने के लिए फास्ट फूड़ व शराब से दूर रह खानपान में फल व हरी सब्जियों का भरपूर प्रयोग करना चाहिए। शराब व मांस के सेवन से परहेज करना चाहिए। समय-समय पर चिकित्सकों से अपनी शारीरिक जांच करवाते रहे। इस अवसर पर दंत रोग विशेषज्ञ डाक्टर निशेदु यादव, हदृय रोग विशेषज्ञ डाक्टर हेमंत गांधी, डाक्टर सिंहराज परमार, अस्पताल के एचआर हैड प्रमोद पांडे, नगरपार्षद वेदकला शर्मा आदि प्रमुख लोगों के साथ-साथ वरदान अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों व स्टाफ नर्स और सभी कर्मचारी भी मौजूद रहे।