वृंदावन ( मथुरा )१७ फरवरी २६ (आईडब्ल्युएनए)। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर सेवायतों के बीच जारी गतिरोध अब पुलिस तक पहुँच गया है। हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य और सेवायत दिनेश गोस्वामी ने तीन नामजद और 15 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इस कार्रवाई के विरोध में गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मंदिर के गेट नंबर 1 पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन और कमेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह विवाद तब और गहरा गया जब सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच मर्यादा की सीमाएं लांघ दी गईं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दिनेश गोस्वामी की तुलना विभीषण से की, जिसके जवाब में दिनेश गोस्वामी द्वारा महिलाओं के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग करने का आरोप है। दिनेश गोस्वामी का कहना है कि महिलाओं ने उनके घर में घुसकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जूते से मारने की धमकी दी, जिसके चलते उन्हें कानूनी कदम उठाना पड़ा।
मंदिर के मु य द्वार पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दिनेश गोस्वामी की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे प्रशासन के साथ मिलकर सेवायतों पर रजिस्ट्री करने का दबाव बना रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि दिनेश गोस्वामी कमेटी में हमारा प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए हम अपनी बात रखने उनके पास गए थे लेकिन बदले में हमें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी भय का माहौल पैदा कर कॉरिडोर के लिए जमीन हथियाना चाहती है। दिनेश गोस्वामी की शिकायत पर वृंदावन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बाद गोस्वामी समाज में उबाल है।
रिपोर्ट विक्रम सैनी