वृंदावन (मथुरा),१७ फरवरी २६ (आईडब्ल्युएनए)। । विश्व वि यात ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने मंगलवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक में हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार और अन्य सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने मंदिर की व्यवस्थाओं और सेवायतों के अधिकारों को लेकर मांग पत्र सौंपा। जिस पर कमेटी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने पुरजोर तरीके से मांग रखी कि मंदिर परिसर में सेवायतों के बैठने के लिए एक गरिमापूर्ण और निर्धारित स्थान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार ने आश्वासन दिया कि मंदिर में गोस्वामी समाज की महिलाओं के आवागमन को सरल और सुगम बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में प्रवेश के दौरान महिलाओं की जामा तलाशी के मुद्दे पर कमेटी अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसा नहीं होगा और न ही ऐसा होना चाहिए। महिलाओं ने कमेटी के ही एक सदस्य पर गलत व्यवहार का आरोप लगाया। इस पर अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि संबंधित सदस्य से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और उसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी ने निर्देश जारी किया है कि दिनेश गोस्वामी बिना कमेटी की अनुमति के किसी भी सेवायत या उनके परिवारजन से अनावश्यक वार्ता नहीं करेंगे। यदि वे किसी महिला गोस्वामी से अभद्रता या अनावश्यक बात करते हैं, तो पीड़ित महिला तत्काल कमेटी को लिखित शिकायत दे सकती है।
कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि गोस्वामी महिलाएं वार्ता से संतुष्ट होकर गई हैं और उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
रिपोर्ट विक्रम सैनी